Madhya Pradesh News कलेक्टर ने देखी सामुदायिक पोषण वाटिका, मार्केट लिंकेज पर दिया जोर
सकरी में सफेद पलाश समूह की महिलाओं से जमीन पर बैठकर ली जानकारी

ब्यूरो चीफ इंद्र मेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला।कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शुक्रवार को मोहगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत कौआडोंगरी के ग्राम सकरी का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने सफेद पलाश आजीविका स्व-सहायता समूह द्वारा मनरेगा के अभिसरण से संचालित सामुदायिक पोषण वाटिका का विस्तृत निरीक्षण किया। कलेक्टर ने वाटिका में लगे आम के बगीचे, जल कुंड, अरहर की फसल, सब्जी की क्यारियों, नाडेप पिट समेत अन्य गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। झोपड़ी में जमीन पर बैठकर की चर्चा निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे समूह की महिलाओं के साथ वाटिका के भीतर बनी झोपड़ी में जमीन पर बैठे। उन्होंने महिलाओं से वाटिका की जमीन तैयार करने से लेकर फलदार पौधों के रोपण, सब्जी उत्पादन के लिए बीज प्रबंधन और उत्पादित फसल के विक्रय के लिए बाजार व्यवस्था तक की बेसिक जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में यह वाटिका तैयार करना शुरू किया था। मनरेगा से तकनीकी व वित्तीय मदद मिली, साथ ही समूह ने कैश क्रेडिट लिमिट के जरिए बैंक से ऋण लेकर काम आगे बढ़ाया। वर्तमान में इस समूह से 12 दीदियाँ जुड़ी हैं और सभी मिलकर वाटिका का संचालन कर रही हैं।

उत्पादन के बाद मार्केट लिंकेज सबसे जरूरी कलेक्टर श्री धोटे ने आम के विक्रय की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि फसल का उत्पादन करने के बाद सबसे महत्वपूर्ण भाग उसका मार्केट लिंकेज है। उन्होंने एसडीएम घुघरी को निर्देशित किया कि वे उद्यानिकी, कृषि, आजीविका मिशन और मंडी के अधिकारियों के साथ संयुक्त विजिट प्लान करें। सभी विभागों के समन्वय से समूह के उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि महिलाओं को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके। औषधीय पौधों की खेती का दिया सुझाव चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने महिलाओं को फल तथा सब्जी की खेती के साथ-साथ औषधीय पौधों की खेती अपनाने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि औषधीय फसलों की बाजार में अच्छी मांग है और इससे समूह की आय बढ़ सकती है।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने वाटिका में लगे आम्रपाली आम और जामुन का स्वाद भी चखा और गुणवत्ता की सराहना की। इस अवसर पर एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा प्रदान संस्था की टीम मौजूद रही। कलेक्टर श्री धोटे ने समूह के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि यह मॉडल अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणादायी है।



Subscribe to my channel