Jharkhand News 100 साल में पहली बार QS वर्ल्ड रैंकिंग में शामिल हुआ IIT (ISM), धनबाद का बढ़ा वैश्विक मान
दुनिया के श्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में दर्ज हुआ IIT (ISM) का नाम, झारखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। लगभग एक सदी पुराने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) धनबाद ने अपने 100 वर्षों के इतिहास में पहली बार प्रतिष्ठित QS World University Rankings में स्थान हासिल किया है। संस्थान को वैश्विक स्तर पर 701-710 रैंकिंग समूह में जगह मिली है, जबकि देश के शीर्ष उच्च शिक्षण संस्थानों में यह 21वें स्थान पर रहा। यह उपलब्धि केवल एक रैंकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि आईआईटी (आईएसएम) की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध क्षमता और बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान का प्रमाण भी है। संस्थान ने प्रति संकाय शोध उद्धरण (Citations per Faculty) के मानक पर 87.3 अंक प्राप्त कर वैश्विक शोध जगत में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान नेटवर्क (International Research Network) में 43.2 अंकों के साथ संस्थान ने दुनिया भर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के साथ अपने सहयोगात्मक संबंधों की मजबूती भी प्रदर्शित की है।

आईआईटी (आईएसएम) के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता वैश्विक शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा और उत्कृष्टता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में संस्थान शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में और अधिक मजबूती से आगे बढ़ेगा। धनबाद की धरती से निकली यह उपलब्धि न केवल संस्थान बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है। शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आईआईटी (आईएसएम) की यह सफलता राज्य की पहचान को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाई प्रदान करेगी।



Subscribe to my channel