Jharkhand News बाघमारा थाना का वार्षिक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था व व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
थाना परिसर की उत्कृष्ट साफ-सफाई से प्रभावित हुए एसडीपीओ, पुरस्कार के लिए करेंगे अनुशंसा

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
बाघमारा/धनबाद। बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार बिमल ने गुरुवार को बाघमारा थाना का वार्षिक रूटीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के अभिलेखों, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, रख-रखाव तथा प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। थाना पहुंचने पर पुलिस जवानों द्वारा उन्हें सम्मान गार्ड दिया गया। निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ ने पुलिस जवानों के टर्न-आउट की जांच की और उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को क्षेत्र में सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने थाना भवन, मालखाना, अभिलेख कक्ष एवं परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही थाना के विभिन्न अभिलेखों, संचिकाओं एवं रजिस्टरों की भी गहन जांच की।

निरीक्षण के उपरांत एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने थाना परिसर की साफ-सफाई एवं रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बाघमारा थाना का रख-रखाव उत्कृष्ट स्तर का पाया गया है। उन्होंने थाना प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके बेहतर प्रदर्शन और मनोबलवर्धन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक से पुरस्कार दिए जाने की अनुशंसा की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य संस्कृति और अनुशासित व्यवस्था पुलिसिंग की गुणवत्ता को और मजबूत बनाती है, जिससे जनता का पुलिस पर विश्वास भी बढ़ता है।



Subscribe to my channel