Jharkhand News महुदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हलीम शेख हत्याकांड के दो आरोपी जेल में, तीसरे की तलाश जारी
मुख्य आरोपी एहसान शेख गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
महुदा/ धनबाद। हलीम शेख हत्याकांड में महुदा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के मुख्य आरोपी एहसान शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। महुदा इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एहसान शेख को उसके गांव के समीप स्थित कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि हत्या के बाद वह सीधे घर चला गया था और वारदात में प्रयुक्त चाकू को घर में छिपाकर रख दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी कर चाकू बरामद किया। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्ती सूची तैयार की गई और आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल तीसरे आरोपी तथा मृतक के मंझले पुत्र इश्तियाक शेख की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले महुदा पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी शेख शाहबाज को घटना के दिन ही 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस जांच के अनुसार, कुलटांड़ जाने वाले मार्ग के किनारे सुनसान स्थान पर तीनों आरोपियों ने मिलकर हलीम शेख की हत्या की थी और घटना के बाद फरार हो गए थे। घटना के महज दो दिनों के भीतर दो आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। वहीं तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले का पूरी तरह खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।



Subscribe to my channel