Jharkhand News मुहर्रम को लेकर कतरास पुलिस की तैयारी तेज, अखाड़ा कमेटियों संग हुई समन्वय बैठक
शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर, जुलूस मार्गों का होगा सत्यापन; 14 अखाड़ा कमेटियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
कतरास/धनबाद: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कतरास थाना पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कतरास थाना परिसर में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र की अखाड़ा कमेटियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के 12 लाइसेंसी तथा 2 गैरलाइसेंसी मुहर्रम अखाड़ा कमेटियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने पंचमी से दसमी तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली और जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के मार्गों का सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी अखाड़ा कमेटियों की उपस्थिति में रूट का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में पुलिस प्रशासन ने सभी कमेटी सदस्यों से आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। मुहर्रम को लेकर कतरास पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, गश्ती बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की योजना पर भी चर्चा की गई, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।



Subscribe to my channel