Madhya Pradesh News समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश
जनकल्याण शिविर, शिक्षा, स्वास्थ्य व स्वच्छता पर विशेष फोकस

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए गए निर्देश खरगोन 15 जून 2026। कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता में 15 जून 2026 को कलेक्ट्रेट सभागृह में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनकल्याण शिविरों, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, स्वच्छता सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट व समयबद्ध निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर सुश्री मित्तल ने जनकल्याण शिविरों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जहां-जहां शिविर आयोजित हो रहे हैं, वहां प्राप्त आवेदनों की पोर्टल एंट्री 18 जून से 21 जून के बीच अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए। साथ ही सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि स्कूलों के पुनः संचालन को देखते हुए विद्यार्थियों से संबंधित प्राप्त होने वाले आवेदनों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पल्स पोलियो अभियान के तहत प्रथम बूथ गतिविधि की तैयारियां पूर्ण करने, सभी एसडीएम को संबंधित विभागों के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीकाकरण कार्यों में यह भी कहा गया कि U-Win पोर्टल पर सेम-डे एंट्री अनिवार्य रूप से की जाए।

बैठक में नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि कचरा गाड़ियों में ठोस व अपशिष्ट कचरे के लिए पृथक व्यवस्था सुनिश्चित हो। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में 50 एवं 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए गए। नॉन-अटेंडेंट शिकायतों पर कलेक्टर सुश्री मित्तल ने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जनपद सीईओ झिरन्या एवं गोगावां को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में राजस्व विभाग की तहसीलवार समीक्षा में नामांतरण, बंटवारा व सीमांकन के विवादित लंबित प्रकरणों को इसी सप्ताह पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। हिट एंड रन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने को कहा गया। बैठक में जिले की प्राचीन बावड़ियों में सफाई अभियान चलाने, जीर्णोद्धार कराने तथा मार्ग से गुजरने वालों की जानकारी के लिए संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। आईटीआई एवं पीजी कॉलेज के प्राध्यापकों को प्राचीन पांडुलिपियों की पहचान व संग्रहण के निर्देश दिए गए। इस दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान की भी समीक्षा की गई।

बैठक में सांसद-विधायक निधि से निर्मित ऐसे भवन जिनका उपयोग नगण्य है, उन्हें स्व-सहायता समूहों की दीदियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वही पहली बारिश में ही पौधारोपण कार्य पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में हॉस्टल निरीक्षण प्रतिवेदनों के आधार पर सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा खाद्य अधिकारी को सभी हॉस्टलों में भोजन गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए गए। वही पीएम आवास 2.0 के तहत तहसीलवार प्राप्त आवेदनों का तहसीलदार व सीएमओ द्वारा संयुक्त सत्यापन कर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय-सीमा बाह्य प्रकरणों वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने तथा कोर्ट के लंबित प्रकरणों में जवाब-दावा शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अंत में मूंग उपार्जन की समीक्षा में पंजीकृत किसानों के सत्यापन के लिए सभी एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देशित किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल, श्रीमती हेमलता सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रताप कुमार अगास्या, श्री वीरेंद्र कटारे, एसडीएम श्री अनिल जैन, श्री लोकेश छापरे सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे। वही अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।




Subscribe to my channel