ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News गंगा गोशाला मोड़ पर बढ़ते हादसों से चिंतित युवा, बैरिकेड लगाने की उठी मांग

सड़क सुरक्षा को लेकर युवाओं की पहल, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

कतरास। रघुनाथपुर स्थित श्री गंगा गोशाला मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय युवाओं ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कतरास थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर मोड़ पर बैरिकेड लगाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनएसयूआई विश्वविद्यालय महासचिव तारिक अनवर ने किया। उनके साथ मोहम्मद सुल्तान, मोहम्मद रोशन, शफीक आलम एवं अफरोज भी मौजूद थे। आवेदन में बताया गया कि सड़क निर्माण के पांच से छह वर्ष बीत जाने के बावजूद इस संवेदनशील मोड़ पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

युवाओं ने हाल ही में हुई एक सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मोड़ पर एक स्थानीय निवासी घायल हो गया था। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मोड़ पर कम से कम चार बैरिकेड लगाए जाने की आवश्यकता है, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। तारिक अनवर ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने बताया कि यह मांग पूरी तरह जनहित में की गई है और इसका उद्देश्य प्रशासन को समस्या से अवगत कराकर स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए तो भविष्य में कई संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इस दौरान मौजूद स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गंगा गोशाला मोड़ पर सुरक्षा उपाय लागू करना क्षेत्र की आवश्यकता बन चुकी है। ग्रामीणों और युवाओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगा।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button