Jharkhand News धनबाद में सुरक्षा और ट्रैफिक सुधार पर बड़ा फोकस, व्यापारियों के साथ पुलिस की सीधी संवाद बैठक
रंगदारी नहीं, तुरंत पुलिस को दें सूचना: व्यापारी संवाद में एसएसपी प्रभात कुमार का संदेश

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित पुलिस-व्यापारी संवाद कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में काम चल रहा है और व्यापारियों को भी अपने प्रतिष्ठानों में अधिक कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया। एसएसपी ने बताया कि शहर में आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था विकसित करने के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाने की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही इस दिशा में कार्य शुरू होगा। इसके अलावा सड़कों पर अव्यवस्था फैलाने वाले ऑटो और टोटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि रंगदारी मांगने, धमकी मिलने या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। किसी भी परिस्थिति में भुगतान न करें। उन्होंने बताया कि चेन छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। आपात स्थिति में नागरिक डायल-112 के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। बैठक की अध्यक्षता जिला चेंबर अध्यक्ष चेतन गोयनका ने की, जबकि संचालन अजय नारायण लाल ने किया। कार्यक्रम में ऋत्विक श्रीवास्तव समेत कई पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों ने उठाए स्थानीय मुद्दे संवाद के दौरान व्यापारियों ने पार्किंग व्यवस्था, सड़क जाम की समस्या, चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नो-पार्किंग क्षेत्रों की सूची सार्वजनिक करने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण तथा ऑटो-टोटो चालकों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग रखी। साथ ही विनोद बिहारी महतो चौक के समीप पुलिस चौकी स्थापित करने और बंद पड़े पुराने एनएच-32 मार्ग को पुनः चालू कराने की मांग भी उठाई। प्रशासन ने इन मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।




Subscribe to my channel