विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी
विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की तकनीकी जानकारी

गोंडा,पंडरी कृपाल। विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान के तहत विकासखंड पंडरी कृपाल के ग्राम कंधरातेजी एवं पिलखांवा में किसान गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
ग्राम कंधरातेजी में आयोजित गोष्ठी के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान राधेश्याम ने किसानों से जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया, जबकि ग्राम पिलखांवा में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान अनिल यादव ने किसानों को मोटे अनाजों की खेती को बढ़ावा देने की सलाह दी।
कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) डॉ. राम लखन सिंह ने किसानों को हरी खाद की खेती, धान की सीधी बुवाई, फसल अवशेष प्रबंधन, गन्ना फसल में खरपतवार नियंत्रण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा नैनो उर्वरकों के पर्णीय छिड़काव की वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन तकनीकों को अपनाकर किसान उत्पादन लागत कम करने के साथ बेहतर उपज प्राप्त कर सकते हैं।
सहायक विकास अधिकारी कृषि उपेंद्र प्रताप सिंह ने बीज भंडार एवं कृषि रक्षा इकाई पर अनुदानित दरों पर उपलब्ध कृषि निवेशों की जानकारी दी। बीटीएम सत्य प्रकाश तिवारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं फसल बीमा योजना के लाभों से किसानों को अवगत कराया। वहीं एटीएम पंकज कुमार चतुर्वेदी एवं शशिकांत वर्मा ने कुसुम योजना तथा कृषि यंत्रीकरण योजना की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्राम कंधरातेजी के प्रगतिशील किसान काशी प्रसाद मिश्रा, मनीष मिश्रा, घनश्याम जायसवाल तथा ग्राम पिलखांवा के राम भवन यादव, घनश्याम तिवारी, हनुमान प्रसाद तिवारी और राम प्रसाद सोनकर सहित बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग कर कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर कंप्यूटर ऑपरेटर सुशील कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel