ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh News बेलर मशीन ने बदली किसान की तस्वीर, बने आत्मनिर्भर

कृषि अभियांत्रिकी विभाग की अनुदान योजना से मिला संबल

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश

नरवाई प्रबंधन के साथ प्रतिवर्ष 5 से 6 लाख रुपये की अतिरिक्त आय कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने एवं किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित कृषि अभियांत्रिकी विभाग की योजनाएं जिले के किसानों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। इसी कड़ी में ग्राम बूदौर निवासी प्रगतिशील कृषक रविंद्रनाथ प्रजापति ने कृषि यंत्र अनुदान योजना का लाभ लेकर न केवल अपनी खेती को आधुनिक बनाया है, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई मिसाल भी स्थापित की है। कृषक ने कृषि अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से बेलर मशीन क्रय की, जिसकी कुल लागत 13 लाख 92 हजार 300 रुपये रही। शासन द्वारा उन्हें इस मशीन पर 6 लाख 60 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। आधुनिक कृषि यंत्र के उपयोग से अब वे खेतों में फसल अवशेष (नरवाई) का वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन कर रहे हैं।

बेलर मशीन के माध्यम से नरवाई को एकत्रित कर उपयोग में लाया जा रहा है, जिससे नरवाई जलाने की आवश्यकता समाप्त हुई है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता भी सुरक्षित रह रही है। यह पहल टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि बेलर मशीन से कृषि कार्यों में समय एवं श्रम की बचत हुई है। साथ ही वे आसपास के किसानों को भी मशीन की सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 5 से 6 लाख रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है और वे अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।

कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराकर खेती को अधिक लाभकारी, तकनीक आधारित एवं पर्यावरण हितैषी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रविंद्रनाथ प्रजापति की सफलता यह दर्शाती है कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button