ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News आकाश किनारी गोलीकांड के आरोपियों पर शिकंजा, 19 अपराधियों को जिला बदर करने की तैयारी

कतरास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुंडा पंजी में दर्ज होंगे नाम; CCA लगाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

धनबाद/कतरास। आकाश किनारी गोलीबारी एवं मारपीट कांड के बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कतरास पुलिस ने मामले के फरार आरोपियों अनिक यादव, दिलीप यादव, बिनोद यादव, वीरेन्द्र उर्फ छिला यादव, विक्रम यादव, कन्हैया यादव, कारू उर्फ करण यादव, नंदू यादव, राजीव यादव, चंदन यादव, श्रवण यादव समेत अन्य आठ अपराधकर्मियों का नाम गुंडा पंजी में दर्ज करने तथा उनके विरुद्ध सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) के तहत जिला बदर की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा है। सूत्रों के अनुसार, धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने आकाश किनारी क्षेत्र में हुई हिंसक घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की है। इस संबंध में राज्य सरकार एवं गृह विभाग को गोपनीय रिपोर्ट भेजी गई है, जिसमें आरोपियों पर सीसीए लगाने की सिफारिश की गई है।


अपराधियों का तैयार हो रहा डाटा बेस कतरास पुलिस ने आकाश किनारी क्षेत्र में सक्रिय अपराधकर्मियों का विस्तृत डाटा बेस तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पुराने मामलों की फाइलें खंगाल रही है और आरोपपत्रित अपराधियों की सूची तैयार कर उनके नाम गुंडा पंजी में दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि इससे क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराध गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। मंजूरी मिलते ही होगी जिला बदर की कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राज्य सरकार से स्वीकृति मिलते ही आकाश किनारी कांड में शामिल अपराधियों के खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई कर उन्हें जिला बदर किया जाएगा। एसएसपी कार्यालय के सूत्रों का कहना है कि इस कदम से क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर सीधा असर पड़ेगा और संगठित अपराध नेटवर्क कमजोर होगा। इधर, आकाश किनारी, कैलूडीह तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में कार्रवाई कर रही है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button