Madhya Pradesh News ग्राम पंचायत गौराछापर में क्लस्टर स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर आयोजित
कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर जानीं प्रमुख समस्याएँ

ब्यूरो चीफ इंद्र मेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला । ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के प्रभावी समाधान एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत गौराछापर में क्लस्टर स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि जन समस्या निवारण शिविरों का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को समझे और समाधान की दिशा में कार्य करें।

ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने गाँव की प्रमुख समस्याओं की जानकारी ली और विशेष रूप से ऐसी तीन महत्वपूर्ण समस्याओं को चिन्हित करने को कहा जिनके निराकरण की सबसे अधिक आवश्यकता है। ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली एवं सड़क को गांव की प्रमुख समस्याओं के रूप में बताया। कलेक्टर श्री धोटे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के निराकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल, विद्युत एवं सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और इनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की योजनाओं की जानकारी प्रदान की। शिविर में संबल और वृद्धावस्था पेंशन योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, एसडीएम श्री आशुतोष ठाकुर, एसीईओ श्री विनोद मरावी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel