टीजीटी कला परीक्षा में प्राविधिक कला को मान्यता देने की मांग, छात्रों ने मुख्यमंत्री को भेजा रजिस्टर्ड पत्र
हजारों छात्रों के भविष्य का सवाल, एक अवसर देने की उठाई मांग

गोण्डा, मनकापुर ।प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रजिस्टर्ड पत्र भेजकर प्राविधिक कला के छात्रों ने टीजीटी कला परीक्षा में प्राविधिक कला विषय को मान्यता दिए जाने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से प्रदेश के हजारों छात्र इस विश्वास के साथ प्राविधिक कला की पढ़ाई और परीक्षा कर रहे हैं कि टीजीटी कला भर्ती में यह विषय मान्य है, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया के दौरान प्राविधिक कला को अमान्य घोषित किए जाने से छात्रों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने इसी उम्मीद के साथ अपनी तैयारी की और किसी अन्य विकल्प पर ध्यान नहीं दिया। ऐसे में अचानक पात्रता से बाहर किए जाने पर हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।
छात्र राजदीप, अमरदीप, दिव्या दिव्यदर्शनी, शिवा प्रियदर्शनी एवं पूजा मनमोहिनी सहित अन्य अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि प्राविधिक कला के छात्रों को कम से कम एक अवसर प्रदान किया जाए, जिससे वे टीजीटी कला परीक्षा में सम्मिलित होकर अपनी योग्यता सिद्ध कर सकें।
छात्रों ने कहा कि गत वर्षों में टीजीटी कला विषय में रिक्त पदों की संख्या कम होने के कारण अनेक अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल सका था। यदि सरकार एक बार प्राविधिक कला के अभ्यर्थियों को मौका देती है तो यह उनके साथ न्याय होगा और हजारों युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।
छात्रों ने मुख्यमंत्री से संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके हित में सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।




Subscribe to my channel