Uttar Pradesh News एनएच-58 पर दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई बाइक, तीन लोगों की मौके पर मौत ।

रिपोर्टर एजाज नबी जैदी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश
मुजफ्फरनगर: जनपद के थाना छपार क्षेत्र में एनएच-58 पर शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 06 जून 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे हरिद्वार से मुजफ्फरनगर की ओर आने वाले मार्ग पर सिसौना गांव के पास एक ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच दुर्घटना हो गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर, थानाध्यक्ष छपार, यातायात पुलिस एवं अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोटरसाइकिल के पीछे एक बैग बंधा हुआ था। ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक पर बंधा बैग ट्रक से टकरा गया, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान बाइक सवार ट्रक के पिछले पहिये की चपेट में आ गए, जिससे दो व्यक्तियों और एक बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में मोटरसाइकिल चालक की पहचान संदीप पुत्र रामकिशन निवासी ग्राम रामपुर, थाना खरखोदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, हालांकि मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।




Subscribe to my channel