ब्रेकिंग न्यूज़

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा को दी ₹516 करोड़ की 262 परियोजनाओं की सौगात, विकास को मिलेगी नई गति

कर्नलगंज के चकरौत में लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र व सहायता सामग्री

 

गोण्डा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद गोंडा के कर्नलगंज क्षेत्र स्थित चकरौत ग्राम सभा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ₹516 करोड़ की लागत से तैयार 262 विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं सहायता सामग्री भी वितरित की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने दुर्गा माता की प्रतिमा भेंट कर किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का आज लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, उनसे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने जनपदवासियों को इन परियोजनाओं की सौगात मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब विकास और रोजगार के अवसर केवल गौतमबुद्ध नगर, नोएडा और गाजियाबाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गोंडा जैसे जिलों में भी निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में 60 हजार सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया के तहत गोंडा, बहराइच और बलरामपुर के अनेक युवाओं को रोजगार मिला है। सरकार की प्राथमिकता हर गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे तथा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, विधायक गौरा प्रभात वर्मा, विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी, विधायक करनैलगंज अजय सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस महानिरीक्षक अमित कुमार पाठक, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button