Madhya Pradesh News कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी की सड़क निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण
खुदाई कराकर सड़क निर्माण सामग्री का लिया सैंपल, सड़क की चौड़ाई एवं परतों की कराई जांच

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन सड़कों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नौगांव क्षेत्र अंतर्गत सुनाटी से नयाघर मचा तक निर्माणाधीन 3.31 किलोमीटर लंबी एवं 303 लाख रुपये लागत की सड़क का स्थल पर पहुंचकर अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क निर्माण में उपयोग किए जा रहे मैटेरियल की गुणवत्ता की जांच के लिए सड़क की खुदाई कराई तथा विभिन्न परतों के नमूने एकत्रित कर विभागीय प्रयोगशाला में परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की चौड़ाई की नाप कराई और निर्माण में प्रयुक्त सीआरएम (CRM) एवं डब्ल्यूएमएम (WMM) सहित विभिन्न परतों की मोटाई और गुणवत्ता का भी परीक्षण कराया।

कलेक्टर ने अधिकारियों से निर्माण कार्य से संबंधित तकनीकी जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम जी.एस. पटेल, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग आशीष भारती, एसडीओ सहित विभागीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel