विश्व पर्यावरण दिवस पर किसानों को दिया गया धान की सीधी बुवाई और वृक्षारोपण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर किसानों को दिया गया धान की सीधी बुवाई और वृक्षारोपण का संदेश



गोंडा, मनकापुर । पानी संस्थान (पीपुल्स एक्शन फॉर नेशनल इंटीग्रेशन) गोंडा द्वारा शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड मनकापुर के ग्राम मदनापुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ वैज्ञानिक (शस्य विज्ञान) डॉ. राम लखन सिंह ने भारत सरकार द्वारा जून माह में संचालित “खेत बचाओ अभियान” की जानकारी देते हुए किसानों से धान की सीधी बुवाई अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि धान की सीधी बुवाई से सिंचाई के पानी की काफी बचत होती है तथा नर्सरी तैयार करने और रोपाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम हो जाता है। उन्होंने किसानों को खरपतवार प्रबंधन, मृदा नमूना परीक्षण, हरी खाद, संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, फसल अवशेष प्रबंधन एवं अरहर की खेती के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि एवं प्रगतिशील किसान गुरुवचन वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। वहीं पानी संस्थान के विषय वस्तु विशेषज्ञ राजीव मिश्रा ने धान की सीधी बुवाई, ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई तथा एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन की तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक श्रवण कुमार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आदित्य, एसोसिएट ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रभात मिश्रा, क्षेत्रीय समन्वयक यजेंद्र राणा एवं प्रवीन, किसान कार्बन प्रोजेक्ट के मोनू यादव, सीआरपी बहनें रीता, ज्योति एवं नैंसी, एलआरपी अंजना, मनीष, संदीप, अर्जुन वर्मा, अंकित एवं अनुराग सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कृषकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए चितवन के पौधों का रोपण किया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को सजावटी पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
फोटो कैप्शन: विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम मदनापुर में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को कृषि एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी जानकारी देते हुए विशेषज्ञ एवं पौधरोपण करते प्रतिभागी।




Subscribe to my channel