Madhya Pradesh बरसात से पहले नगर परिषद महेश्वर का नाला सफाई अभियान
बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की दिशा में प्रशासन की सक्रिय पहलवार्डों में व्यापक स्तर पर चल रहा स्वच्छता एवं जल-निकासी कार्य

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
खरगोन 21 मई 2026। बरसात के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए बाढ़ एवं जलभराव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद महेश्वर द्वारा नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशानुसार प्रारंभ किया गया है, ताकि समय रहते नगर क्षेत्र में जल-निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।
नगर परिषद महेश्वर द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में बड़े नालों की व्यापक सफाई कराई जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 03, 04, 09 एवं 10 में नालों की सफाई का कार्य पूर्ण किया गया। अभियान के दौरान गाद, कचरा एवं अवरोधक सामग्री हटाकर नालों को सुचारु रूप से बहाव योग्य बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अलका यादव एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री प्रियंक पंड्या द्वारा आम नागरिकों एवं वार्डवासियों को जानकारी देते हुए बताया गया कि नाले प्राकृतिक या मानव-निर्मित जल-निकासी मार्ग होते हैं, जिनका मुख्य उपयोग मानसून अथवा भारी वर्षा के समय होता है। वर्ष के शेष महीनों में ये सामान्यतः सूखे रहते हैं, किंतु बरसात में इनकी स्वच्छता अत्यंत आवश्यक होती है।
नगर परिषद ने नागरिकों से भी अपील की है कि नालों में कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि बरसात के दौरान जलभराव व बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।




Subscribe to my channel