ब्रेकिंग न्यूज़

Madhya Pradesh रानीताल के पास तेज रफ्तार कार पलटी,दो की मौत-तीन गंभीर घायल जिला अस्पताल रेफर।

बाजना थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा,अनियंत्रित कार बनी काल।

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश

बड़ा मलहरा//पुलिस अनुविभाग के बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीताल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन अत्यधिक गति से चल रहा था।रानीताल के समीप अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे पलट गया।दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तुरंत बिजावर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
बिजावर स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर महेश त्रिवेदी ने जांच के बाद मुन्नीलाल (55 वर्ष) एवं प्रियंका अहिरवार (23 वर्ष) निवासी पनागर को मृत घोषित कर दिया।वहीं हादसे में घायल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button