भरथना में सघन वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों को पुलिस की चेतावनी
भरथना में सघन वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों को पुलिस की चेतावनी
भरथना
अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से भरथना थाना पुलिस ने शनिवार को कस्बा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने व्यस्त मोना चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की। अभियान के दौरान तेज रफ्तार और मॉडिफाइड बाइकों पर पुलिस की विशेष नजर रही।

पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन नंबरों की जांच की। वहीं, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
चेकिंग अभियान के चलते मोना चौराहे पर कुछ समय तक हलचल का माहौल बना रहा।
इस दौरान पुलिस ने राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करने के लिए समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते हैं।
उन्होंने कहा, “जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें तथा वाहन के जरूरी दस्तावेज हमेशा साथ रखें।
अभियान के दौरान कस्बा चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी, उपनिरीक्षक राजकुमार सहित थाना पुलिस का भारी बल मौजूद रहा।



Subscribe to my channel