ब्रेकिंग न्यूज़

वासेपुर में फिर गरजा कानून का शिकंजा, प्रिंस खान के घर दोबारा कुर्की-जब्ती

👉फरार गैंगस्टर प्रिंस खान की संपत्ति पर पुलिस की कार्रवाई

👉कोर्ट के आदेश पर वासेपुर स्थित ठिकाने पर पहुंची पुलिस टीम

👉हत्या, रंगदारी और फायरिंग मामलों में वांछित प्रिंस खान पर बढ़ा दबाव

धनबाद: कुख्यात और फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को वासेपुर स्थित उसके आवास पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। यह कार्रवाई बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की।

बताया गया कि धनबाद न्यायालय द्वारा जारी आदेश के आलोक में पुलिस टीम प्रिंस खान के घर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया के तहत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग समेत कई गंभीर आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। लगातार समन जारी होने के बावजूद न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर कोर्ट ने कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी प्रिंस खान के कई ठिकानों पर पुलिस कुर्की-जब्ती कर चुकी है। बार-बार की कार्रवाई के कारण उसके वासेपुर स्थित मकान का अधिकांश हिस्सा पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुका है। शुक्रवार की कार्रवाई में पुलिस ने बची हुई सामग्री की जब्ती और औपचारिक खानापूरी की प्रक्रिया पूरी की।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button