गोविंदपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, मुहाना भरकर कोयला जब्त
👉महेशपुर माइंस के पास अवैध उत्खनन का भंडाफोड़, ड्रोन सर्विलांस से हुई पुष्टि
👉गोविंदपुर में संयुक्त छापेमारी, अवैध कोयला खनन स्थल की भराई
👉CISF-BCCL की कार्रवाई में अवैध कोयला जब्त, मुहाना किया बंद
धनबाद: गोविंदपुर क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर माइंस के समीप अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। बल के सदस्यों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान महेशपुर साइलो से करीब 100 मीटर दूरी पर एक अवैध मुहाना चिन्हित किया गया। मौके पर कई बोरियों में भरा कोयला भी बरामद हुआ।
बताया गया कि बाद में ड्रोन सर्विलांस के जरिए भी अवैध उत्खनन की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी तत्काल कंपनी कमांडर को दी गई, जिसके बाद सक्षम अधिकारियों एवं बीसीसीएल प्रबंधन को सूचित किया गया। बीसीसीएल की ओर से लॉजिस्टिक सहयोग उपलब्ध कराए जाने के बाद अवैध उत्खनन स्थल की भराई कर मुहाना बंद किया गया तथा मौके से बरामद कोयले को जब्त कर बीसीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी सर्टिफिकेट प्राप्त होने के बाद विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान बीसीसीएल के नोडल अधिकारी, कंपनी कमांडर, पोस्ट कमांडर, आसूचना बल सदस्य, QRT-1, एरिया-01 QRT तथा स्थानीय पुलिस बरोरा की टीम मौजूद रही। हालांकि रेड के दौरान स्थानीय पुलिस किसी आवश्यक कार्य का हवाला देकर बीच में ही लौट गई, जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक जिस स्थान पर कार्रवाई की गई वहां CISF की स्थायी तैनाती नहीं है, जबकि क्षेत्र बीसीसीएल के लीज होल्ड एरिया में आता है। निकटतम ड्यूटी पोस्ट साइलो कंट्रोल पैनल बताया गया है, जिसकी दूरी लगभग 500 मीटर है।
Subscribe to my channel