एसपी सूरज सिंह परिहार की प्रशासनिक सर्जरी, कानून व्यवस्था मजबूत करने बड़ा कदम
धमतरी।
जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस विभाग में व्यापक बदलाव किए हैं। जारी आदेश के तहत 08 निरीक्षक, 03 उप निरीक्षक एवं 02 सहायक उप निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इसके साथ ही जिले के 10 थाना एवं 01 चौकी प्रभारियों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है।
धमतरी पुलिस विभाग में हुए इस बड़े बदलाव को प्रशासनिक कसावट, बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय बाद जिले में इतने बड़े स्तर पर थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
इन वजहों से हुआ बड़ा फेरबदल
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली प्रभारी के जिला रायपुर स्थानांतरण के बाद कोतवाली टीआई का पद रिक्त हो गया था। वहीं एसपी रीडर के कवर्धा स्थानांतरण के बाद टीआई भखारा को एसपी रीडर पद पर पदस्थ किया गया, जिससे थाना भखारा प्रभारी का पद भी खाली हो गया था।
इसके अलावा साइबर सेल के साइबर थाना में उन्नयन होने के बाद वहां निरीक्षक स्तर के अधिकारी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इन्हीं प्रशासनिक और कार्य व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए एसपी धमतरी द्वारा नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क पर रहेगा फोकस
एसपी सूरज सिंह परिहार ने सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में अब पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह और परिणाम आधारित बनाया जाएगा। थाना स्तर पर बेहतर समन्वय, त्वरित कार्रवाई और जनसंपर्क को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।
पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर
धमतरी पुलिस में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद पूरे पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कई थाना क्षेत्रों में नए प्रभारियों की नियुक्ति को लेकर लोगों की नजरें अब आगामी पुलिस कार्यशैली पर टिक गई हैं।
माना जा रहा है कि एसपी धमतरी की यह पहल जिले में अपराध नियंत्रण, प्रशासनिक अनुशासन और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।