ब्रेकिंग न्यूज़

बोराई थाना प्रभारी की कार्रवाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने बताया—ड्यूटी के दौरान हुई घटना

 

धमतरी। ओडिशा बॉर्डर के पास स्थित बोराई चेक पोस्ट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बोराई थाना प्रभारी और एक व्यापारी के बीच विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, उड़िसा की ओर से आया एक व्यापारी बोराई क्षेत्र के बाजार में पहुंचा था। इसी दौरान जांच नाके पर पुलिस द्वारा वाहन रोकने का इशारा किया गया, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा वाहन नहीं रोका गया। इसके बाद पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और बाजार क्षेत्र में उसे रोका।

पुलिस के अनुसार, जब वाहन चालक से पूछताछ की गई कि उसने चेक पोस्ट पर वाहन क्यों नहीं रोका, तो उसने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और थाना प्रभारी को वर्दी उतरवाने एवं निलंबित कराने जैसी बातें कहीं। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, और आवेश में आकर थाना प्रभारी द्वारा हाथ उठाने की घटना सामने आई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

इस संबंध में बोराई थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अपनी नियमित जांच ड्यूटी का निर्वहन कर रही थी और नियमों का पालन करवाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वाहन न रोकना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस विभाग ने यह भी अपील की है कि आम नागरिक जांच के दौरान सहयोग करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद करें।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह घटना ड्यूटी के दौरान उत्पन्न तनाव की स्थिति का परिणाम प्रतीत हो रही है। पुलिस विभाग द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button