ब्रेकिंग न्यूज़

महुदा कॉलेज विवाद: सचिव पर पत्रकारों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, जांच की मांग तेज

👉पत्रकारों पर टिप्पणी से घिरे महुदा कॉलेज सचिव, कार्रवाई की मांग

👉वायरल ऑडियो से बढ़ा विवाद, सचिव के खिलाफ जांच की उठी आवाज

👉भ्रष्टाचार आरोपों के बीच सचिव की टिप्पणी से मचा बवाल

कतरास: महुदा स्थित इंटर महाविद्यालय के सचिव दीपनारायण शर्मा एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। पहले से ही संस्थान में कथित करोड़ों के भ्रष्टाचार, ईपीएफओ घोटाले और कर्मियों के शोषण जैसे आरोपों से घिरे सचिव अब पत्रकारों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर आलोचना झेल रहे हैं।

बताया जा रहा है कि संस्थान की एक आंतरिक बैठक का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें सचिव द्वारा पत्रकारों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में एक विशेष समुदाय को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय पत्रकारों में आक्रोश बढ़ गया है। पत्रकारों का कहना है कि यह न केवल उनकी गरिमा पर आघात है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है। इस संबंध में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और ग्रामीण एसपी एस. मो. याक़ूब से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।

पत्रकारों को आश्वासन दिया गया है कि पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कतरास प्रेस क्लब के सचिव सह स्थानीय पत्रकार समिद खान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “लोकतंत्र की आवाज का अपमान” बताया। उन्होंने प्रशासन और जिला शिक्षा पदाधिकारी से मांग की है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो पत्रकार आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। फिलहाल, पूरे मामले पर प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button