धमतरी जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व अंतर्गत बोराई जंगल में गुरुवार को भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते जंगल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आग कई घंटों तक धधकती रही, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वन विभाग का एक भी कर्मचारी मौके पर आग बुझाने नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूखे पत्तों और तेज गर्मी के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। जंगल से उठती लपटें और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे। इस दौरान जंगल में रहने वाले वन्यजीवों के जानमाल पर भी गंभीर खतरा मंडराता रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो इससे पर्यावरण और वन्यजीवों को भारी नुकसान हो सकता है। कुछ ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वे सफल नहीं हो सके।
इस घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।