ब्रेकिंग न्यूज़

कतरास में ‘चाभी छिनवा गिरोह’ का आतंक, दिनदहाड़े ट्रेलर रोककर चाभी लूटने की घटना

👉राजगंज-महुदा मार्ग पर सक्रिय गिरोह से दहशत, पुलिस के सामने चुनौती

👉दिन में लूट, रात में वारदात—कतरास में बेखौफ बदमाशों का तांडव

👉ट्रेलर चालकों को बना रहे निशाना, सड़क पर जाम और डर का माहौल

धनबाद : जिले के कतरास थाना क्षेत्र में इन दिनों एक कथित ‘चाभी छिनवा गिरोह’ के सक्रिय होने से आम लोगों और वाहन चालकों में भय का माहौल बन गया है। खासकर राजगंज-महुदा मुख्य सड़क पर इस गिरोह की लगातार बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

ताजा मामला बुधवार दोपहर का है, जब राहुल चौक के समीप एक स्विफ्ट कार से आए चार युवकों ने एक ट्रेलर को जबरन रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने चालक के साथ गाली-गलौज की और दबंगई दिखाते हुए ट्रेलर की चाभी छीनकर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर कतरास पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह ट्रेलर को टोचन कर सड़क किनारे कराया, तब जाकर आवागमन सामान्य हो सका। हालांकि, आरोपियों का कोई सुराग तत्काल नहीं मिल सका।

बताया जाता है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे एक दिन पहले, मंगलवार की रात को भी कतरास कॉलेज के समीप इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया गया था, जहां कुछ युवकों ने एक अन्य वाहन को रोककर उसकी चाभी छीन ली। इस मामले की शिकायत भी थाना में दर्ज कराई गई है।

लगातार हो रही इन घटनाओं से यह सवाल उठने लगा है कि आखिर यह गिरोह कौन है, और किस मकसद से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि गिरोह के पीछे किसी प्रभावशाली व्यक्ति का हाथ हो सकता है, जिससे इनके हौसले बुलंद हैं और ये खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द इस गिरोह की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button