बौरिहा में चकबंदी को लेकर किसानों का विरोध, पर्चा 23 निरस्त करने की मांग

गोण्डा/तरबगंज
विकासखंड तरबगंज के अंतर्गत ग्रामसभा बौरिहा में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर किसानों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है। चकबंदी विभाग द्वारा 21 जून 2025 को ग्रामसभा के सभी किसानों का पर्चा 23 काटा गया था, जिसे लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है।
किसानों का आरोप है कि चकबंदी विभाग एवं समिति अध्यक्ष की मिलीभगत से गांव की पुरानी सड़क को रिकॉर्ड से गायब कर दिया गया है और कुछ लोगों के खेतों के अंदर से नई सड़क और नाली निकाली जा रही है। इससे कई किसानों की जमीन प्रभावित हो रही है।
मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामसभा के समाजसेवी प्रवीण सिंह (पुत्र अशोक सिंह) ने एक दिन पहले सोशल मीडिया ग्रुप “अपना गांव बहुत अच्छा” के माध्यम से ग्रामीणों को एकत्र होने की सूचना दी। इसके बाद आज बड़ी संख्या में किसानों ने चकबंदी अधिकारियों का घेराव किया।
मौके पर पहुंचे चकबंदी अधिकारी एवं ग्रामसभा अध्यक्ष समिति से किसानों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पर्चा 23 को निरस्त नहीं किया गया तो वे तहसील स्तर से लेकर जिलाधिकारी गोंडा का घेराव करेंगे। इसके बावजूद समाधान न होने पर उच्च न्यायालय की शरण लेने की बात भी कही गई।
इस दौरान मौके पर ग्राम प्रधान अध्यक्ष, पूर्व प्रधान शिवदान उर्फ भोला सिंह, पूर्व प्रधान शिवपाल सिंह एवं बबलू सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel