भागाबांध में अवैध कोयला खनन का बड़ा खुलासा, जीएम के पहुंचते ही तस्करों में हड़कंप

👉भागाबांध में बंद रेलवे लाइन किनारे चल रहा था अवैध ओसीपी, जांच में खुलासा
👉जीएम के निरीक्षण से खुली अवैध खनन की पोल, मौके से फरार हुए तस्कर
👉सैकड़ों मजदूरों के सहारे चल रहा था गैरकानूनी उत्खनन, सरकार को राजस्व नुकसान
धनबाद (पुटकी):
बीसीसीएल के पीबी एरिया अंतर्गत भागाबांध बस्ती के समीप बंद पड़ी रेलवे लाइन के किनारे अवैध तरीके से ओसीपी (ओपन कास्ट प्रोजेक्ट) बनाकर कोयला खनन किए जाने का मामला सामने आया है। इस अवैध गतिविधि से सरकार को बड़े पैमाने पर राजस्व नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
मामले की सूचना मिलते ही पीबी एरिया के जीएम जीसी साहा सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और खुदाई स्थल का निरीक्षण किया। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही अवैध खनन में संलिप्त लोग वहां से फरार हो गए। निरीक्षण के दौरान खनन के स्पष्ट साक्ष्य मिले, जिससे बड़े स्तर पर अवैध उत्खनन की पुष्टि होती है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अवैध ओसीपी खदान और इंक्लाइन के जरिए बड़े पैमाने पर कोयले का उत्खनन किया जा रहा था। इस कार्य में सौ से अधिक मजदूरों को लगाया गया था, जबकि कोयला निकालने और ढुलाई के लिए भारी वाहनों का इस्तेमाल हो रहा था। मौके पर दो पोकलेन मशीनें भी देखी गईं।
इतना ही नहीं, भारी वाहनों की मरम्मत के लिए मेकेनिकल इंजीनियरों की टीम औजारों के साथ चौबीसों घंटे मौके पर तैनात रहती थी। बताया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में लगे मजदूर और वाहन पश्चिम बंगाल से मंगाए गए थे।
इस अवैध खनन से न सिर्फ खनन नियमों की खुली अनदेखी हो रही थी, बल्कि सरकार को मिलने वाले राजस्व पर भी सीधा असर पड़ रहा था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Subscribe to my channel