टांडाबाड़ी के 70 परिवारों का बेलगढ़िया टाउनशिप में पुनर्वास, बीसीसीएल की बड़ी पहल

👉भू-धंसान प्रभावित परिवारों को सुरक्षित ठिकाना, 70 परिवार हुए शिफ्ट
👉बीसीसीएल का राहत अभियान तेज, टांडाबाड़ी से बेलगढ़िया में बसाए गए परिवार
👉खतरे वाले क्षेत्र से सुरक्षित आवास की ओर, पुनर्वास प्रक्रिया जारी
धनबाद। भू-धंसान और गैस उत्सर्जन से प्रभावित क्षेत्रों में बीसीसीएल ने राहत और पुनर्वास कार्य को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गोविंदपुर क्षेत्र के टांडाबाड़ी बस्ती से 70 प्रभावित परिवारों को शुक्रवार को बेलगढ़िया टाउनशिप में स्थानांतरित किया गया। इस कार्य में जिला प्रशासन और पुलिस का भी सहयोग रहा।
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में कंपनी संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। पुनर्वासित परिवारों को नए स्थान पर बेहतर आवास, पेयजल, बिजली, सड़क सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।
कंपनी द्वारा प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता अभियान और काउंसलिंग कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के जरिए लोगों को संभावित खतरों के प्रति सचेत किया जा रहा है और सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बीसीसीएल ने स्पष्ट किया है कि पुनर्वास कार्य केवल अस्थायी राहत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे दीर्घकालिक समाधान के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत प्रभावित परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अन्य प्रभावित परिवारों को भी चरणबद्ध तरीके से बेलगढ़िया टाउनशिप में बसाने की प्रक्रिया जारी है।

Subscribe to my channel