शनिवार सुबह ग्राम रत्ना बांधा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बर्तन गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे गोदाम से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई देने लगा।
सूचना मिलते ही गोदाम मालिक मौके पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को खबर दी गई। घटनास्थल पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि गोदाम में नए ड्रम और विभिन्न प्रकार के बर्तन बड़ी मात्रा में रखे हुए थे, जिनमें आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन प्राथमिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारण हो सकता है।
इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।