ब्रेकिंग न्यूज़

डेंगू से पहले ही ढीला पड़ा सिस्टम, धनबाद में हजारों जांच किट बेकार

👉सदर अस्पताल में लापरवाही, लाखों की डेंगू किट एक्सपायर

👉मशीनें नहीं आईं, किट हुईं बेकार—स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

👉बरसात से पहले तैयारी फेल, 2000 से ज्यादा किट हुई खराब

धनबाद: बरसात के मौसम से पहले ही डेंगू जैसी गंभीर बीमारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की पोल खुल गई है। सदर अस्पताल के स्टोर रूम में रखी हजारों डेंगू जांच किट बिना इस्तेमाल के ही एक्सपायर हो गईं, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष राज्य स्तर पर करीब 11,500 डेंगू जांच किट खरीदी गई थीं। इनमें से 2,000 से अधिक किट उपयोग में आने से पहले ही खराब हो गईं। इन किटों की कीमत लगभग 5 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है, जो अब पूरी तरह बेकार हो चुकी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज द्वारा अतिरिक्त किट लेने से इनकार किए जाने के बाद इन्हें सदर अस्पताल में स्टोर कर दिया गया था। लेकिन जांच के लिए आवश्यक मशीनें और उपकरण समय पर उपलब्ध नहीं हो सके, जिसके कारण किटों का इस्तेमाल शुरू ही नहीं हो पाया और वे एक्सपायर हो गईं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हर साल मानसून के दौरान डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी होती है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही न केवल संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है।

डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मशीनों की कमी के कारण जांच शुरू करने में देरी हुई थी। हालांकि अब अस्पताल में डेंगू सहित अन्य जांच सुविधाएं धीरे-धीरे शुरू की जा रही हैं।

फिलहाल, इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारी और प्रबंधन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे समय में जब डेंगू का खतरा फिर से मंडरा रहा है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button