ब्रेकिंग न्यूज़

धमतरी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 192 आरक्षकों का तबादला, पारदर्शी प्रक्रिया बनी मिसाल

धमतरी,

जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में दो वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ आरक्षकों का व्यापक तबादला किया गया है। इस प्रक्रिया के तहत कुल 192 आरक्षकों को विभिन्न थाना-चौकियों एवं इकाइयों में स्थानांतरित किया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्थानांतरण को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए आरक्षकों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें धमतरी, कुरुद और नगरी अनुभाग सहित पुलिस लाइन, यातायात, नियंत्रण कक्ष, एसपी कार्यालय, साइबर थाना, अजाक एवं महिला सेल के आरक्षक शामिल हुए। सम्मेलन में सभी से उनकी इच्छानुसार तीन पसंदीदा थाना/चौकी विकल्प भरवाए गए।

प्राप्त विकल्पों और कार्यमूल्यांकन के आधार पर दो अलग-अलग सूचियों में 121 और 71 आरक्षकों का स्थानांतरण किया गया। इस दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी आरक्षक को उसका गृह थाना या पिछली पोस्टिंग दोबारा न दी जाए।

प्रशासन ने यह भी ध्यान रखा कि जिन आरक्षकों की विशेषज्ञता किसी विशेष इकाई के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, उन्हें आवश्यकतानुसार यथास्थान ही रखा गया है, ताकि कार्य प्रभावित न हो।

खास बात यह रही कि स्थानांतरण का समय भी सोच-समझकर तय किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि आरक्षकों के बच्चों के शैक्षणिक सत्र पूर्ण हो चुके हों, जिससे परिवार पर किसी प्रकार का नकारात्मक प्रभाव न पड़े।

बताया जा रहा है कि पिछले एक वर्ष में यह धमतरी पुलिस की पहली बड़ी स्थानांतरण सूची है। इससे पूर्व केवल शिकायतों के आधार पर सीमित स्तर पर ही तबादले किए गए थे।

इस पहल से पुलिस बल में संतुलन, मनोबल और कार्य संतुष्टि बढ़ने के साथ-साथ कार्यकुशलता में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button