कनकनी कोलियरी में हाई डंपिंग से बढ़ा खतरा, मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

👉कनकनी में आउटसोर्सिंग कंपनी पर नियम उल्लंघन के आरोप
👉हाई डंपिंग से जमीन में दरारें, बड़े हादसे की आशंका
👉मजदूरों को नहीं मिले आई कार्ड व सेफ्टी किट, जांच की मांग
👉डीजीएमएस नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई की उठी आवाज
धनबाद, 18 अप्रैल 2026:
सिजुआ एरिया-5 अंतर्गत कनकनी कोलियरी में संचालित राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने उपायुक्त धनबाद को पत्र लिखकर कंपनी पर मनमानी, लापरवाही और डीजीएमएस नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
पत्र में कहा गया है कि लोयाबाद 5 नंबर स्थित डंपिंग स्थल पर अत्यधिक (हाई) डंपिंग किए जाने के कारण जमीन में दरारें उत्पन्न हो गई हैं। इससे आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है और किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।
मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि कंपनी द्वारा अब तक श्रमिकों को पहचान पत्र (आई कार्ड) उपलब्ध नहीं कराया गया है और न ही अनिवार्य वीटीसी परीक्षण कराया गया है। ऐसी स्थिति में दुर्घटना होने पर मजदूरों की पहचान करना भी मुश्किल हो सकता है।
रत्नेश कुमार का कहना है कि इस संबंध में पहले भी परियोजना पदाधिकारी को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही डीजीएमएस अधिकारियों पर भी निरीक्षण के नाम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया गया है।
उपायुक्त से मांग की गई है कि हाई डंपिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, मजदूरों को आई कार्ड व सेफ्टी किट उपलब्ध कराई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की भी मांग उठाई गई है।
इस मामले की प्रतिलिपि धनबाद महापौर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह को भी भेजी गई है।


Subscribe to my channel