ब्रेकिंग न्यूज़

सेमरा पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव के बाद फिर हुआ चुनाव पुनः हुई सरपंच की जीत, एक-तिहाई मत से बची कुर्सी

 

धमतरी। ग्राम पंचायत सेमरा में अविश्वास प्रस्ताव के बाद हुए पुनः चुनाव में सरपंच ने सभी आरोपों को निराधार साबित करते हुए एक बार फिर अपनी कुर्सी बचा ली। पंचायत में राजनीतिक खींचतान के बीच हुए इस चुनाव पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई थीं।

बताया जा रहा है कि 20 वार्डों वाली इस पंचायत में 17 वार्ड पंचों ने एकजुट होकर सरपंच के खिलाफ एसडीएम कार्यालय में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसके बाद प्रशासन द्वारा नियमानुसार पुनः मतदान कराने के निर्देश दिए गए। चुनाव से पहले गांव में पंचों और सरपंच के बीच समन्वय बनाने के लिए बैठक भी आयोजित की गई, लेकिन किसी तरह की सहमति नहीं बन पाई।

 

शनिवार, 18 अप्रैल को ग्राम पंचायत भवन में विधिवत चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। सभी पंचों ने अपने-अपने मत का उपयोग किया। मतदान के बाद हुए मतगणना में सरपंच के पक्ष में 6 वोट पड़े, जबकि एक मत निरस्त हो गया।

 

पंचायत राज नियमों के अनुसार एक-तिहाई मत प्राप्त होने पर सरपंच को पद पर बने रहने का अधिकार होता है। इसी आधार पर सरपंच ने जीत दर्ज करते हुए अपना पद सुरक्षित रखा।

 

विजय के बाद दिया एकता का संदेश

जीत के बाद सरपंच ने सभी पंचों से द्वेष भाव त्यागकर आपसी भाईचारे के साथ मिलकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “गांव के विकास के लिए सभी का साथ जरूरी है, आपसी मतभेद भुलाकर सामूहिक रूप से काम करेंगे तभी सेमरा पंचायत आगे बढ़ेगी।”

 

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पंचायत की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में पंचायत में समन्वय बनता है या फिर विवाद जारी रहता है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button