कनकनी कोलियरी में ओबी डंपिंग पर बवाल, प्रदूषण और सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप

👉हाई डंपिंग और उड़ती धूल से बढ़ा खतरा, कंपनी पर नियम उल्लंघन के आरोप
👉मजदूरों को नहीं मिल रही सुरक्षा किट, ओबी डंपिंग से पर्यावरण पर संकट
👉कनकनी परियोजना में मनमानी का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
धनबाद/कतरास: सिजुआ क्षेत्र स्थित कनकनी कोलियरी में राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने परियोजना पदाधिकारी को पत्र लिखकर कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पत्र में कहा गया है कि ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग के दौरान भारी मात्रा में धूलकण उड़ रहे हैं, जिससे आसपास के इलाकों में प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। आरोप है कि कंपनी द्वारा DGMS के नियमों की अनदेखी करते हुए कार्य मनमाने तरीके से किया जा रहा है।
सबसे गंभीर मामला हाई डंपिंग का बताया जा रहा है। अत्यधिक ऊंचाई पर डंपिंग किए जाने से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। वहीं मजदूरों ने भी कई समस्याएं उठाई हैं। उनका कहना है कि उन्हें हाई कमेटी द्वारा निर्धारित वेतन नहीं मिल रहा है और अब तक पहचान पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया है।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा उन्हें जरूरी सुरक्षा किट जैसे हेलमेट, जूते आदि नहीं दिए गए हैं। साथ ही VTC सेंटर का प्रशिक्षण भी नहीं कराया गया है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।
लोयाबाद 5 नंबर क्षेत्र में सड़क पार करते समय डंपिंग किए जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वहां रात के समय पर्याप्त लाइट की व्यवस्था भी नहीं है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। बताया गया कि पूर्व में वन विभाग द्वारा लगाए गए पेड़ों को गर्म ओबी डालकर नष्ट किया जा रहा है।
रत्नेश कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन और चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जानकारी धनबाद मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह को देकर कंपनी पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
Subscribe to my channel