राजगंज में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत

👉बालू खाली कर लौट रहे चालक की जान गई, खेत में पलटा ट्रैक्टर
👉सुबह-सुबह हादसा: ट्रैक्टर के नीचे दबकर युवक की मौके पर मौत
👉झपकी बनी मौत की वजह! अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से चालक की गई जान
धनबाद: जिले के राजगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दलूडीह पंचायत के सरायदाहा के पास हुई।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय संतोष केवट के रूप में हुई है, जो बिशुनपुर पंचायत के बोनासिंघा गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, संतोष देर रात करीब दो बजे बालू खाली कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक उसका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि हादसे के बाद भी ट्रैक्टर का इंजन चालू रहा। इंजन की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक के भाई चंदन केवट ने आशंका जताई है कि रात के समय झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। संतोष के परिवार में दो छोटे बच्चे हैं और उसने करीब तीन महीने पहले ही फाइनेंस पर नया ट्रैक्टर खरीदा था।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर थाना ले आई। परिजनों को सूचना देने के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Subscribe to my channel