लोयाबाद में शिवमंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धा में डूबा इलाका

👉51 कुंवारी कन्याओं के साथ भक्ति भाव से निकली कलश यात्रा
👉गाजे-बाजे और झांकियों के साथ सेंद्रा में सजी धार्मिक आस्था की झलक
👉प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर लोयाबाद में तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन शुरू
लोयाबाद :- सेंद्रा ओटो वर्कशॉप के समीप स्थित शिवमंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के अवसर पर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आकर्षक झांकियों और गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन निगम के डिप्टी मेयर अरुण कुमार चौहान ने किया। मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें 51 कुंवारी कन्याएं सिर पर कलश लेकर चल रही थीं। वहीं श्रद्धालु हाथों में धार्मिक पताका लिए जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरे इलाके में भक्ति का माहौल बन गया।
यह शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए मदनाडीह रानी तालाब पहुंची, जहां आचार्य ईश्वर शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जलभरण कराया।
तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठा महायज्ञ के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को कलश यात्रा के बाद भजन संध्या और भंडारे का आयोजन हुआ। वहीं मंगलवार को वेदी पूजन, अधिवास, आरती और नगर भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित है।
महायज्ञ के यजमान अमरनाथ पासी एवं उनकी पत्नी सुमन सरोज हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिव मंदिर समिति के नवीन वर्मा, राम अवतार केवट, संतोष चौधरी, सुनील विश्वकर्मा, गुड्डू पासवान, रंजीत सिंह, श्रवण कुमार, दयानंद पासवान, पंकज कुमार, विट्टू शर्मा, उपेंद्र यादव, सुलेखा देवी, बबीता देवी सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
Subscribe to my channel