बासुदेवपुर कोलियरी में देर रात डकैती, हथियार के बल पर सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर कापर केबल लूटी

👉नकाबपोश गिरोह का कोलियरी पर हमला, डेढ़ सौ फीट कापर केबल ले उड़े अपराधी
👉लोयाबाद में कोयला क्षेत्र असुरक्षित! हथियारबंद बदमाशों का धावा, गार्ड्स को बनाया बंधक
👉CISF की मौजूदगी पर सवाल, घंटों तक चलता रहा लूट का खेल
लोयाबाद/धनबाद:
धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बासुदेवपुर कोलियरी में देर रात लगभग 15–20 की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से धावा बोल दिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर वहां तैनात तीन सुरक्षा प्रहरियों को कब्जे में लेकर करीब डेढ़ सौ फीट आर्म्ड कापर केबल काटकर लूट ली।
घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। कोलियरी प्रबंधन के अनुसार, रात्रि ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मी—लालजी रविदास, अनील कुमार और राम पुकारा सिंह—को रिवाल्वर दिखाकर अपराधियों ने एक जगह बैठा दिया और पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया। अपराधी करीब डेढ़ से दो घंटे तक मौके पर डटे रहे और आराम से केबल काटकर फरार हो गए।
लूटी गई कापर केबल की कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है। घटना के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे कर्मचारियों को मोमबत्ती और खिड़की की रोशनी में काम करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने के बाद CISF की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, समय पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कोलियरी प्रबंधक संतोष कुमार चौधरी ने लोयाबाद थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।
प्रबंधन का कहना है कि हाल के दिनों में बासुदेवपुर कोलियरी क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। लगातार हो रही घटनाओं से रात्रि ड्यूटी में तैनात कर्मियों में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

Subscribe to my channel