ब्रेकिंग न्यूज़

102 पंचायतों के सरपंचों का नगरी में प्रदर्शन, सचिवों पर मनमानी व अभद्र व्यवहार के आरोप

जनपद पंचायत पहुंचकर कलेक्टर-सीईओ के नाम सौंपा ज्ञापन, 2 दिन में कार्रवाई के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित

जिले के नगरी विकासखंड में मंगलवार को सरपंच संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। 102 पंचायतों के सरपंचों ने नगर में रैली निकालते हुए जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जिला कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ के नाम ज्ञापन सौंपा।

सरपंचों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सेमरा, भीतररास और आमगांव में पदस्थ सचिवों द्वारा महिला सरपंचों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। इसके अलावा सचिवों पर मनमानी करने, दबाव बनाने, सरपंचों की बात नहीं मानने और समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

सरपंच संघ का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं अन्य ब्लॉकों से आए सचिवों पर आदिवासी सरपंचों के साथ मनमानी करने के आरोप भी लगाए गए हैं, जिससे सरपंचों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान सरपंचों ने दोषी सचिवों के तत्काल स्थानांतरण की मांग की। साथ ही ग्राम पंचायत आमगांव के सचिव धनुष नेताम को ऑफिस अटैच करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

प्रदर्शन के बीच जनपद पंचायत सीईओ बोरझा ने जिला पंचायत सीईओ से दूरभाष पर सरपंच संघ अध्यक्ष की बात करवाई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने मामले के निराकरण के लिए 2 दिन का समय मांगा।

सरपंच संघ अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा में मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रशासन के आश्वासन के बाद सरपंच संघ ने फिलहाल धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन निर्धारित समय में क्या कदम उठाता है।

Dhamtari Chhattisgarh News @ Reporter THARUN KUMAR NISHAD

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button