जिले के सिहावा क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिहावा पहाड़ पर एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने पहाड़ के एक सुनसान इलाके में शव को देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए फॉरेंसिक जांच के बाद भेज दिया जाएगा जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सके।
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।