रामनवमी पर डीजे बजाने से कोई नहीं रोक सकता: सांसद ढुल्लू महतो

👉रामनवमी में डीजे पर रोक का विरोध, सांसद ढुल्लू महतो बोले – आस्था से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
👉डीजे विवाद पर गरमाई राजनीति, ढुल्लू महतो ने सरकार से कहा – प्रतिबंध हटाइए
👉रामनवमी को लेकर ढुल्लू महतो का बयान – धर्म से टकराने वालों का इतिहास में विनाश हुआ
धनबाद: झारखंड में त्योहारों के दौरान डीजे बजाने को लेकर जारी विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। संभावित प्रतिबंध को लेकर पहले ही विधानसभा में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हो चुकी है। इसी बीच धनबाद से भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने राज्य सरकार से डीजे पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की मांग की है।
शुक्रवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर पोत्तनूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद ढुल्लू महतो ने मीडिया से बातचीत में इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि रामनवमी सनातन धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे लोग वर्षों से पारंपरिक तरीके से मनाते आ रहे हैं। ऐसे में सरकार को धार्मिक आयोजनों में बेवजह हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
सांसद ने कहा कि आस्था से जुड़े कार्यक्रमों पर पाबंदी लगाना उचित नहीं है और लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रामनवमी के अवसर पर हर हाल में डीजे बजाया जाएगा और इसे कोई नहीं रोक सकता।
ढुल्लू महतो ने कहा कि वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करते हैं कि डीजे पर किसी तरह का प्रतिबंध न लगाया जाए। उन्होंने कहा कि धर्म से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए और लोगों को अपनी आस्था के अनुसार त्योहार मनाने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
सांसद ने यह भी कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब धर्म से अधर्म टकराया है, उसका विनाश हुआ है। इसलिए सरकार को धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस तरह के निर्णयों से बचना चाहिए।

Subscribe to my channel