नगर निकाय चुनाव से पहले पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, संवेदनशील क्षेत्रों में भरोसा मार्च

👉शांतिपूर्ण मतदान के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च
👉धनबाद में चुनावी सुरक्षा कड़ी, सिटी एसपी के नेतृत्व में गश्त
👉भयमुक्त मतदान का संदेश, बैंकमोड़ से वासेपुर तक पुलिस की पैनी नजर
👉नगर निगम चुनाव: अतिरिक्त बल और क्यूआरटी तैनात, पुलिस अलर्ट मोड में
धनबाद: धनबाद नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च में बाइक सवार सिटी हाक्स टीम के साथ पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस बल ने बैंकमोड़, वासेपुर, भूली, सरायढेला और सिटी सेंटर समेत विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग और क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही आम लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।



Subscribe to my channel