महापौर चुनाव पर प्रशासन की पैनी नजर, अभ्यर्थियों संग बैठक में सख्त निर्देश

👉निष्पक्ष चुनाव को लेकर प्रशासन सक्रिय, प्रत्याशियों को आचार संहिता पालन की हिदायत
👉महापौर चुनाव: प्रचार से खर्च तक नियमों पर प्रशासन ने कसा शिकंजा
👉धनबाद में चुनावी तैयारियां तेज, अभ्यर्थियों को वाहन व खर्च नियमों की जानकारी
👉शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन की बैठक, प्रत्याशियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश
धनबाद, 7 फरवरी 2026 : नगर निकाय चुनाव के तहत धनबाद नगर निगम के महापौर पद के चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में धनबाद समाहरणालय के कक्ष संख्या-4 में महापौर पद के सभी अभ्यर्थियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाची पदाधिकारी (महापौर)-सह-अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार ने की। इस दौरान नगरपालिका (आम) निर्वाचन के सामान्य प्रेक्षक श्री रोबिन टोप्पो तथा व्यय प्रेक्षक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न अभ्यर्थियों एवं उनके अधिकृत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। निर्वाची पदाधिकारी श्री विनोद कुमार ने सभी प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी नियमों एवं आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना सभी अभ्यर्थियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए विभिन्न सवालों और व्यावहारिक समस्याओं का भी विस्तार से समाधान किया गया।
सामान्य प्रेक्षक श्री रोबिन टोप्पो ने प्रचार-प्रसार से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी अधिकतम आठ वाहनों का उपयोग कर सकते हैं, जिसमें प्रत्याशी का निजी वाहन भी शामिल रहेगा। उन्होंने ध्वनि विस्तारक यंत्रों सहित सभी प्रचार गतिविधियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करने की हिदायत दी।
वहीं व्यय प्रेक्षक ने चुनावी खर्च से संबंधित जानकारी छिपाने को नियमों का उल्लंघन बताते हुए सभी अभ्यर्थियों को नियमित रूप से व्यय लेखा पंजी संधारित करने का निर्देश दिया। साथ ही व्यय अभिलेखों की जांच के लिए 12 फरवरी, 16 फरवरी एवं 20 फरवरी को वाणिज्यकर भवन, रणधीर वर्मा चौक स्थित कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहने को कहा गया।
बैठक में एआरओ श्री बाल किशोर महतो, आरओ सेल के श्री संजय झा, श्री रूपेश मिश्रा, श्री राम विलास राम, श्री सुशील सिन्हा, प्रशांत झा, श्री विजय कुमार, श्री मनीष कुमार, श्री संतोष कुमार, श्री अंशु देव, श्री घनश्याम दुबे, श्री कुलदीप, मो. सोहराब, श्री उमेश प्रमाणिक सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel