ब्रेकिंग न्यूज़

श्री ओंकारेश्वर मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ, काया शुद्धि व दीक्षाग्रहण पूजन के साथ निकली कलश यात्रा

शहर के मैत्री संघ मार्ग स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को विधिविधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।

महोत्सव के प्रथम दिवस मंदिर परिसर में निर्मित यज्ञशाला में प्रातः काया शुद्धि एवं दीक्षाग्रहण पूजन संपन्न कराया गया। इस दौरान आचार्यों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठानों में दीक्षित किया गया।

काया शुद्धि व दीक्षाग्रहण पूजा के बाद महादेव घाट में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कलश पूजन किया गया, जिसके बाद भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं व श्रद्धालुओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ यात्रा निकाली। कलश यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कलश यात्रा का समापन श्री ओंकारेश्वर मंदिर में हुआ।

इस अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर के अध्यक्ष व महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज को संस्कार, एकता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने वाला है। उन्होंने मंदिर समिति को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में सहभागी बनने की अपील की।

मालूम हो कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा का यह पावन आयोजन 3 फरवरी से प्रारंभ होकर 7 फरवरी तक चलेगा। पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें हवन, अभिषेक, भजन-कीर्तन, प्रवचन एवं विशेष पूजन शामिल हैं।

मंदिर समिति के अनुसार 6 फरवरी शुक्रवार को मुख्य प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। महोत्सव के अंतिम दिन 7 फरवरी को महाप्रसाद का वितरण कर इस महोत्सव का समापन किया जाएगा ।

महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है वहीं आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति, वार्डवासी, शहर के गणमान्य नागरिक व श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।

 

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button