कोयला नगर में JCMU की रणनीतिक बैठक, स्थापना दिवस और हड़ताल को ऐतिहासिक बनाने पर बनी सहमति

👉मजदूर हितों को लेकर JCMU का मंथन, 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान
👉कोयला नगर में झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन की अहम बैठक, संगठनात्मक मजबूती पर जोर
👉स्थापना दिवस व हड़ताल की तैयारी तेज, JCMU ने दिखाई एकजुटता
👉नगर निगम चुनाव में डॉ. नीलम मिश्रा के समर्थन का संकल्प, JCMU बैठक में निर्णय
धनबाद।
कोयला नगर स्थित रिक्रिएशन क्लब में गुरुवार को झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन (JCMU) की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें मजदूर हितों, संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल जोनल अध्यक्ष उमाशंकर चौहान ने की।
बैठक में 4 फरवरी को होने वाले यूनियन के स्थापना दिवस समारोह तथा 12 फरवरी को प्रस्तावित हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने को लेकर रणनीति बनाई गई। साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा प्रस्तावित नगर निगम मेयर प्रत्याशी डॉ. नीलम मिश्रा को विजयी बनाने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया।
बैठक में बीसीसीएल जोनल उपाध्यक्ष सह झारखंड मुक्ति युवा मोर्चा धनबाद जिलाध्यक्ष सूरज महतो, जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू, सह सचिव अनिल टुडू, संगठन सचिव गोपिन टुडू, कोषाध्यक्ष प्रभाष प्रसाद सिंह समेत बीसीसीएल के सभी कार्यकारिणी सदस्य तथा 12 क्षेत्रों के वरीय पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मजदूरों से जुड़ी समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था, विस्थापन, रोजगार, आवास समेत कई ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन नेताओं ने प्रबंधन से मजदूरों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए जोनल अध्यक्ष उमाशंकर चौहान ने कहा कि मजदूरों के हक और अधिकार की रक्षा यूनियन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ संगठित संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने सभी क्षेत्रीय पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने, मजदूरों से सीधा संवाद स्थापित करने और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुट होकर मजदूर हितों की लड़ाई को मजबूती से लड़ने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel