ब्रेकिंग न्यूज़

सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत में पेड़ से लटका मिला प्रेमी जोड़ा, नाबालिग युवती की मौत से मामला संवेदनशील

धमतरी। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ीडीही गांव के पास एक खेत में पेड़ से प्रेमी जोड़े का शव लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में शोक व चर्चा का माहौल बन गया।

मृतकों में युवती महुआबाहरा गांव की निवासी बताई जा रही है, जो नाबालिग थी, जबकि युवक गेंदाभरी गांव का रहने वाला था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध था और दोनों ने कथित तौर पर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल युवती के पिता की जमीन है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक दबाव सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच जारी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में गमगीन माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button