सिजुआ में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन का प्रतिनिधि सम्मेलन, 12 फरवरी की हड़ताल को लेकर एकजुटता का आह्वान

👉सिजुआ क्लब में रा. को. म. यू का सम्मेलन, नाम बदलने की राजनीति पर अनूप सिंह का प्रहार
👉धार्मिक आधार पर वोट की राजनीति अब नहीं चलेगी : अनूप सिंह
👉12 फरवरी की हड़ताल सफल बनाने का संकल्प, सिजुआ में यूनियन प्रतिनिधियों की हुंकार
👉सेवानिवृत्त कर्मियों के कैशलेस इलाज का मुद्दा गरमाया, रा. को. म. यू सम्मेलन में उठी आवाज
धनबाद | सिजुआ :
सिजुआ क्लब परिसर में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (रा. को. म. यू) का एक दिवसीय प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में यूनियन प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के सचेतक सह बेरमो विधायक एवं राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने केंद्र की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।
अनूप सिंह ने कहा कि केवल नाम बदलने और चुनाव के समय धार्मिक आधार पर वोट मांगने की रणनीति अब सफल नहीं होने वाली है। देश की जनता जागरूक हो चुकी है और असली मुद्दों पर जवाब चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नाम तो बदले, लेकिन गरीबों और श्रमिकों के हित में कोई ठोस नई योजना नहीं लाई।
यूनियन की कार्यकारी अध्यक्षा अनुपमा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम सभी के हैं, लेकिन कुछ लोग उनके नाम का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए कर रहे हैं। उन्होंने यूनियन के सभी सदस्यों से मतभेद भुलाकर एकजुट होकर मजदूर हित में संघर्ष करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में 12 फरवरी को प्रस्तावित हड़ताल को लेकर विशेष चर्चा हुई और इसे सफल बनाने के लिए संगठनात्मक एकता दिखाने का संकल्प लिया गया। रा. को. म. यू के संगठन सचिव माधो सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे लेकर यूनियन लगातार आवाज उठा रही है।
मौके पर संतोष महतो, रामप्रीत प्रसाद, विजय कुमार सिंह उर्फ सन्नी सिंह, बी. के. अम्बास्ट सहित कई नेताओं ने श्रमिकों के अधिकार, चार लेबर कोड के प्रभाव और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से विचार रखे।
सम्मेलन की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष बजेंद्र प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन रा. को. म. यू के महामंत्री ए. के. झा ने किया। कार्यक्रम में सैकड़ों यूनियन प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने संगठन की मजबूती और आगामी आंदोलन की तैयारी को स्पष्ट रूप से दर्शाया।



Subscribe to my channel