राज्य में नगर निकाय चुनाव का रास्ता साफ, राज्यपाल की मंजूरी के बाद फरवरी में होंगे मतदान

👉फरवरी में 48 नगर निकायों में चुनाव, राज्यपाल ने दी स्वीकृति
👉नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ी पहल, राज्य निर्वाचन आयोग को मिली हरी झंडी
👉एक चरण में बैलेट पेपर से होंगे निकाय चुनाव, अधिसूचना 27 जनवरी को संभव
झारखंड
राज्य में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य निर्वाचन आयोग के प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही राज्य में नगर निकाय चुनाव कराने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने के बाद अब चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, राज्य में फरवरी माह के भीतर ही कुल 48 नगर निकायों में चुनाव कराए जाएंगे। यह चुनाव एक ही चरण में संपन्न होगा और बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य निर्वाचन आयोग इसी माह 27 जनवरी को नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकता है। अधिसूचना जारी होने के बाद चुनावी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और संभावित रूप से 25 और 26 फरवरी को मतदान कराया जा सकता है।
वहीं, चुनाव की तारीख तय करते समय शैक्षणिक कार्यक्रमों को भी ध्यान में रखा गया है। राज्य में 23 फरवरी तक इंटरमीडिएट की परीक्षाएं संचालित होंगी, जिसके बाद चुनाव कराना प्रशासनिक दृष्टि से सुविधाजनक माना जा रहा है।
नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य के राजनीतिक दलों में भी हलचल तेज हो गई है। प्रत्याशी चयन और चुनावी रणनीति को लेकर बैठकों का दौर शुरू होने की संभावना है। वहीं प्रशासन और निर्वाचन आयोग भी शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने की तैयारियों में जुट गया है।
राज्य में नगर निकाय चुनाव होने से शहरी स्थानीय निकायों को नया जनप्रतिनिधित्व मिलेगा और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Subscribe to my channel