बड़े मोरथपाल, विकासखंड तोकापाल में सरस्वती साइकिल वितरण योजना

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े मोरथपाल, विकासखंड तोकापाल में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत एक भव्य एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचल की छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय आने-जाने में होने वाली समस्याओं को दूर करना रहा। योजना के तहत विद्यालय की 54 छात्राओं, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 29 छात्राओं एवं माता रुक्मिणी आश्रम की 66 छात्राओं सहित कुल 149 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पूर्व विधायक बेदराम कश्यप, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती पुनम सलाम, खंड स्रोत समन्वयक अजय शर्मा एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शबाना अली विशेष अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा।

मुख्य अतिथि विधायक विनायक गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सरस्वती साइकिल योजना बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और वे बिना किसी बाधा के नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़ने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तभी सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे। उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।

जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं की विद्यालय में उपस्थिति बढ़ी है तथा ड्रॉपआउट की समस्या में कमी आई है। शिक्षा विभाग निरंतर प्रयास कर रहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती पुनम सलाम ने योजना को बालिका शिक्षा के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे छात्राओं में आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता का विकास हो रहा है। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शबाना अली ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी। उन्होंने अतिथियों, शिक्षा विभाग एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पात्र छात्राओं को विधिवत साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Subscribe to my channel